हिसार, 20 फरवरी।
दयानंद कॉलेज के अंग्रेजी विभाग की साहित्यिक सोसायटी द्वारा अंग्रेजी लैब में एक ज्ञानवर्धक और रोचक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास, साहित्यिक रुचि, तार्किक सोच और विश्लेषणात्मक क्षमता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत उत्साहपूर्ण और सुव्यवस्थित वातावरण में हुआ।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विक्रमजीत सिंह ने इस अवसर पर कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी बताया कि साहित्य और ज्ञान आधारित प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता को मजबूत करती हैं।
अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) यशु राय तायल ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि क्विज प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों की स्मरण शक्ति, तार्किक क्षमता और त्वरित प्रतिक्रिया कौशल को सुधारने में मदद करती हैं। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी साहित्य का अध्ययन केवल अकादमिक ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों को समकालीन दृष्टिकोण में सोचने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. संगीता मलिक ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस आयोजन में अंग्रेजी विभाग के सभी शिक्षक और कर्मचारी भी उपस्थित थे और उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। क्विज प्रतियोगिता में छह टीमों ने भाग लिया, जिसमें प्रत्येक टीम में दो-दो विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में अंग्रेजी साहित्य से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे गए, जैसे प्रमुख लेखक, उनकी कृतियाँ, साहित्यिक काल, नाटक, कविता, उपन्यास और साहित्यिक सिद्धांत।
प्रतियोगिता के परिणामों में टीम 5 के सुनील रानी और अंजू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि टीम 6 की तानी और आयुषी को द्वितीय स्थान मिला और टीम 4 की पूजा और मनु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए गए। विद्यार्थियों ने इस आयोजन को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया, जो न केवल उनके विषय ज्ञान को सुदृढ़ करता है, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ाता है।
कॉलेज परिवार ने भविष्य में भी इस तरह के रचनात्मक और ज्ञानवर्धक आयोजनों को जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।



