नई दिल्ली, 16 फरवरी।
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने सोमवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर संभावित आतंकवादियों के खतरे से निपटने के लिए संयुक्त मॉक अभ्यास आयोजित किया, जिसमें विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों का तालमेल और तत्परता परखा गया।
सीआईएसएफ के आधिकारिक सोशल मीडिया एक्स पर बताया गया कि इस अभ्यास में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी), दिल्ली पुलिस, ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (बीसीएएस), एयरपोर्ट रेस्क्यू एंड फायर फाइटिंग (एआरएफएफ), दमकल विभाग और चिकित्सा सेवाओं ने भी हिस्सा लिया। सभी एजेंसियों ने मिलकर किसी खतरे की स्थिति में त्वरित कार्रवाई और सामूहिक प्रतिक्रिया का प्रदर्शन किया।
सीआईएसएफ की क्विक रिएक्शन टीम (क्यूआरटी), बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) और डॉग स्क्वॉड ने अन्य इकाइयों के साथ समन्वय बनाकर खतरों को तेजी से समाप्त करने में अहम भूमिका निभाई। इस मॉक अभ्यास के माध्यम से विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की आपात स्थिति में प्रतिक्रिया क्षमता और तालमेल का परीक्षण किया गया।




