विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) ड्यूटी पर जाते समय जलपाईगुड़ी–सिलीगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग के दशदर्गा इलाके में डंपर की टक्कर से मयनागुड़ी बीडीओ कार्यालय की कर्मचारी संपा राय की मौत हो गई। शनिवार को हुए इस हादसे में उनकी सहकर्मी पायल महंत गंभीर रूप से घायल है।जानकारी के अनुसार, संपा राय और पायल महंत स्कूटी से शनिवार को मयनागुड़ी बीडीओ कार्यालय जा रही थी। दोनों ही मयनागुड़ी बीडीओ कार्यालय में डेटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थी और एसआईआर सुनवाई केंद्र में डेटा एंट्री की जिम्मेदारी निभा रही थी।दशदर्गा इलाके में विपरीत दिशा से आ रहे एक डंपर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद उन्हें तत्काल जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने संपा राय को मृत घोषित कर दिया। वहीं पायल महंत की हालत अभी गंभीर और चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और फरार डंपर चालक की तलाश जारी है।


