नई दिल्ली, 13 फरवरी।
ग्लोबल बाजारों से आज कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी शेयर बाजार लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेज गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स में आज हल्की बढ़त देखी जा रही है। यूरोपीय बाजारों में पिछले सत्र में मिश्रित रुख रहा, जबकि एशियाई बाजारों में आज बिकवाली का दबाव साफ नजर आ रहा है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को लेकर बनी चिंताओं के कारण अमेरिकी बाजारों में पूरे सत्र दबाव बना रहा, जिससे वॉल स्ट्रीट के प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। एस एंड पी 500 इंडेक्स 108.71 अंक यानी 1.57 प्रतिशत गिरकर 6,832.76 अंक पर बंद हुआ। नैस्डेक 473.04 अंक यानी 2.05 प्रतिशत टूटकर 22,593.43 अंक पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज 0.05 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 49,477.93 अंक के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दे रहा है।
यूरोपीय बाजारों में बीते सत्र के दौरान मिला-जुला रुख रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.67 प्रतिशत गिरकर 10,402.44 अंक पर बंद हुआ। डीएएक्स इंडेक्स 0.01 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 24,852.69 अंक पर बंद हुआ। दूसरी ओर, सीएसी इंडेक्स 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 8,340.56 अंक पर बंद होने में सफल रहा।
एशियाई बाजारों में आज भी दबाव का माहौल बना हुआ है। एशिया के नौ में से सात बाजार लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि एक बाजार में तेजी देखी जा रही है। ताइवान स्टॉक एक्सचेंज में अवकाश के कारण ताइवान वेटेड इंडेक्स में कोई बदलाव नहीं है। एशिया में फिलहाल केवल कोस्पी इंडेक्स 0.26 प्रतिशत की मजबूती के साथ 5,536.86 अंक पर कारोबार कर रहा है।
दूसरी तरफ गिफ्ट निफ्टी 204 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,647 अंक पर कारोबार कर रहा है। शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.70 प्रतिशत टूटकर 4,105.04 अंक तक फिसल गया है। हैंग सेंग इंडेक्स में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है और यह 505.54 अंक यानी 1.87 प्रतिशत गिरकर 26,527 अंक पर आ गया है।
स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 1.32 प्रतिशत लुढ़ककर 4,950.39 अंक पर पहुंच गया है। निक्केई इंडेक्स 474.84 अंक यानी 0.82 प्रतिशत की गिरावट के साथ 57,165 अंक पर कारोबार कर रहा है। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.23 प्रतिशत फिसलकर 8,246.61 अंक पर और सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.17 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,439.08 अंक पर कारोबार कर रहे हैं।



