नई दिल्ली, 11 फरवरी।
वैश्विक बाजारों से बुधवार को मिले-जुले संकेत सामने आए हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र में दबाव के साथ बंद हुए, जबकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स में आज शुरुआती मजबूती देखी जा रही है। यूरोपीय बाजारों में मिश्रित रुख रहा, वहीं एशियाई बाजारों में आज व्यापक खरीदारी का माहौल बना हुआ है।
अमेरिका में बीते सत्र के दौरान वॉल स्ट्रीट पर दबाव बना रहा, जिससे प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.36 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 6,939.97 अंक पर बंद हुआ। नैस्डेक 134.30 अंक यानी 0.58 प्रतिशत फिसलकर बंद हुआ। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स फिलहाल 160.84 अंक (0.32 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 50,348.98 अंक पर कारोबार करता नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजारों में मिला-जुला कारोबार देखने को मिला। एफटीएसई इंडेक्स 0.31 प्रतिशत गिरकर 10,353.84 अंक पर बंद हुआ। डीएएक्स इंडेक्स 0.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,987.85 अंक पर बंद हुआ। वहीं सीएसी इंडेक्स 0.06 प्रतिशत की हल्की बढ़त के साथ 8,327.88 अंक पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में आज ज्यादातर सूचकांक हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। एशिया के नौ में से आठ बाजारों में तेजी दर्ज की गई है। टोक्यो स्टॉक एक्सचेंज में अवकाश होने के कारण निक्केई इंडेक्स में कोई बदलाव नहीं हुआ। गिफ्ट निफ्टी 0.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 26,024.50 अंक पर ट्रेड कर रहा है। स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.33 प्रतिशत चढ़कर 4,980.69 अंक पर पहुंच गया है।
ताइवान वेटेड इंडेक्स 597.11 अंक यानी 1.81 प्रतिशत की छलांग लगाकर 33,670.08 अंक पर कारोबार कर रहा है। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 111.52 अंक (1.37 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 8,243.26 अंक पर पहुंच गया है। कोस्पी इंडेक्स 1.21 प्रतिशत की मजबूती के साथ 5,365.58 अंक पर, हैंग सेंग इंडेक्स 119.85 अंक (0.44 प्रतिशत) की तेजी के साथ 27,303 अंक पर, सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.31 प्रतिशत उछलकर 1,414.75 अंक पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.22 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,137.55 अंक पर कारोबार कर रहे हैं।



