नई दिल्ली, 09 फरवरी।
ग्लोबल मार्केट से आज सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान उत्साह का माहौल बना रहा। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आ रहे हैं। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र में लगातार खरीदारी देखने को मिली। इसी तरह एशियाई बाजार में भी आज चौतरफा तेजी का रुख बना हुआ है।
पिछले सप्ताह ज्यादातर समय दबाव में रहने के बाद अमेरिकी बाजार पिछले सत्र में मजबूती के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। एस एंड पी 500 इंडेक्स 133.90 अंक यानी 1.97 प्रतिशत की मजबूती के साथ 6,932.30 अंक पर बंद हुआ। नैस्डेक 507.27 अंक यानी 2.25 प्रतिशत उछलकर 23,047.86 अंक पर बंद हुआ। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.15 प्रतिशत बढ़त के साथ 50,189.67 अंक पर कारोबार कर रहा है।
यूरोपीय बाजार में भी मजबूती का रुख देखा गया। एफटीएसई इंडेक्स 0.58 प्रतिशत बढ़कर 10,369.75 अंक पर बंद हुआ। सीएसी इंडेक्स 0.43 प्रतिशत की तेजी के साथ 8,273.84 अंक पर बंद हुआ। डीएएक्स इंडेक्स 230.40 अंक यानी 0.93 प्रतिशत बढ़त के साथ 24,721.46 अंक पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में भी आज चौतरफा तेजी देखने को मिल रही है। सभी नौ प्रमुख सूचकांक हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी 174 अंक यानी 0.68 प्रतिशत बढ़कर 25,871.50 अंक पर पहुंचा। स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.72 प्रतिशत बढ़त के साथ 4,970.13 अंक पर बंद हुआ। जापान में प्रधानमंत्री साने ताकाइची की पार्टी की जीत के कारण टोक्यो स्टॉक एक्सचेंज में उत्साह रहा, जिससे निक्केई 2,350.32 अंक यानी 4.33 प्रतिशत उछलकर 56,604 अंक तक पहुंच गया।
कोस्पी इंडेक्स 207.01 अंक यानी 4.07 प्रतिशत उछलकर 32,552.63 अंक पर पहुंचा। सेट कंपोजिट इंडेक्स 3.11 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,396.14 अंक पर, हैंग सेंग इंडेक्स 387.05 अंक यानी 1.46 प्रतिशत की तेजी के साथ 26,947 अंक पर, शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 1.17 प्रतिशत उछलकर 4,113.28 अंक पर और जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.84 प्रतिशत की बढ़त के साथ 8,002.16 अंक पर कारोबार कर रहे हैं।



