मझोला (मुरादाबाद), 06 मार्च।
मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला क्षेत्र स्थित बुद्धि विहार में एक इंजीनियर युवक ने अपनी बहन पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इस दौरान आरोपित ने अपनी मां पर भी चाकू से वार किए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि आरोपित गुड़गांव में एक आईटी कंपनी में काम करता है, जबकि उसकी बहन भी गुड़गांव में ही एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। दोनों होली के अवसर पर घर आए हुए थे और शुक्रवार को उन्हें वापस गुड़गांव लौटना था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार आरोपित की तलाश की जा रही है।

थाना मझोला क्षेत्र के बुद्धि विहार में आर्यन स्कूल के पीछे गणेश पार्क के पास नीलिमा शर्मा अपनी बेटी हिमा शिखा (25) और बेटे इंजीनियर हार्दिक के साथ रहती थीं। हार्दिक गुड़गांव में आईटी कंपनी में कार्यरत है, जबकि हिमा शिखा भी वहीं एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी। नीलिमा शर्मा मुरादाबाद में एक एक्सपोर्ट फैक्ट्री में काम करती हैं। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे हार्दिक अपनी मां को घर लेकर आया। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनकी बेटी हिमा शिखा खून से लथपथ हालत में पड़ी हुई है।
जब नीलिमा शर्मा ने बेटे से इस बारे में पूछा तो उसने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया और कार लेकर घर से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मां-बेटी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हिमा शिखा को मृत घोषित कर दिया, जबकि नीलिमा शर्मा का उपचार जारी है।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मृतका हिमा शिखा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार हत्यारोपित हार्दिक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।



