जौनपुर, 18 फरवरी।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा–2026 बुधवार से कड़ी निगरानी में शुरू हो गई। परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने परीक्षा शुरू होने के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित ई-डिस्ट्रिक्ट सेल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ई-डिस्ट्रिक्ट सेल प्रभारी एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला को निर्देश दिए कि जिले के सभी 206 परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दी जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा की निगरानी के लिए 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 206 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा रिजर्व अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
आयोग के निर्देशानुसार परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। पहली पाली सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 से शाम 5:15 बजे तक होगी। जिले में हाईस्कूल के 77,042 और इंटरमीडिएट के 77,080 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
कलेक्ट्रेट स्थित ई-डिस्ट्रिक्ट सेल का दूरभाष नंबर 05452-318005 जारी किया गया है। किसी भी समस्या की स्थिति में कंट्रोल रूम नंबर 7905471191 और 9451962481 पर संपर्क किया जा सकता है।



