लखनऊ, 19 फ़रवरी।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने वाराणसी की गंगा नदी पर संचालित सरकारी और निजी क्रूजों को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों का विस्तृत जवाब देते हुए तीखा तंज किया। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी पारदर्शिता से काम कर रही है और बिना तथ्यों के सवाल उठाना उचित नहीं है।
समाजवादी पार्टी के सदस्य आशुतोष सिन्हा ने वाराणसी में चल रहे सरकारी और निजी क्रूजों की संख्या, उनके संचालन मानक और विवरण सदन में रखने की मांग की। मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि वाराणसी में 05 सरकारी और 02 निजी क्रूज संचालित हैं, जिनके संचालन के मानक भारतीय और उत्तर प्रदेश अन्तर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण द्वारा तय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक जानकारी उपलब्ध है और साझा करने में कोई आपत्ति नहीं है।
जवाब के दौरान मंत्री ने तंज कसते हुए कहा, “अगर आशुतोष जी थोड़ा पढ़ लेते तो यह सवाल न करते।” उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश अन्तर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण का विधेयक 6 दिसंबर 2023 को पारित हुआ और 6 दिसंबर 2024 से इसकी कार्यवाही शुरू कर दी गई।
इसके अलावा मंत्री ने पर्यटन आंकड़े पेश करते हुए कहा कि 2017 से पहले वाराणसी में 5,44,355 भारतीय और 3,34,860 विदेशी पर्यटक आए थे, जबकि वर्तमान में यह संख्या बढ़कर 17 करोड़ 27 लाख 52 हजार 631 से अधिक हो चुकी है। उन्होंने इस वृद्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को दिया और कहा कि प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नए आयाम मिल रहे हैं।



