जींद, 16 फरवरी।
विश्वकर्मा कालोनी में दहेज प्रताड़ना के चलते रविवार रात एक महिला ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली, घटना की जानकारी मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया।
सोमवार को मायका पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंचे और आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की, पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर मृतका के पति के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
विश्वकर्मा कालोनी निवासी रमेश की 35 वर्षीय पत्नी पिंकी ने रविवार रात जहरीला पदार्थ निगल लिया; परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया, जहां उपचार के दौरान पिंकी की मौत हो गई।
मृतका के पिता कोथ कलां निवासी सुबेर बेग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी पिंकी की शादी दो साल पहले रमेश से हुई थी और रमेश 2025 में अवैध असलहा के साथ भी पकड़ा गया था।
शादी के बाद से रमेश अपनी पत्नी को दहेज को लेकर प्रताड़ित करता रहा, शादी को बचाने के लिए उन्हें एक लाख रुपये भी दिए गए, बावजूद इसके प्रताड़ना जारी रही, जिससे परेशान होकर पिंकी ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली।
शहर थाना के जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर पति रमेश के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।



