बलरामपुर, 14 फरवरी।
बोर्ड परीक्षाओं से पहले विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जागृत करने और परीक्षा तनाव कम करने के उद्देश्य से आज शनिवार को रामानुजगंज स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में “परीक्षा का तनाव–जीत की तैयारी” कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यक्रम दीन-हीन सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित हुआ। विद्यार्थियों को परीक्षा भय, तनाव और भ्रम से निपटने के व्यावहारिक उपाय बताए गए।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि थे, जबकि मनीषा नेताम विशिष्ट अतिथि रहीं। जिले के वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेई, जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव, एसडीएम आनंद राम नेताम, अधिवक्ता जयप्रकाश गुप्ता सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। भाजपा के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को प्रेरणादायक बना दिया।
दीन-हीन सेवा समिति की संचालक मनीषा नेताम ने कहा कि परीक्षा से डरने के बजाय तैयारी पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने नियमित रिवीजन, पॉइंट्स आधारित अध्ययन और शिक्षकों से संवाद को सफलता का आधार बताया। “फेल होना अंत नहीं, बल्कि अगली तैयारी की शुरुआत है,” उन्होंने जोर देकर कहा।
मुख्य अतिथि रामविचार नेताम ने विद्यार्थियों को अर्जुन जैसी एकाग्रता अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मोबाइल या भटकाव में समय गंवाया नहीं जाना चाहिए। टेक्नोलॉजी का उपयोग अध्ययन और शोध में सकारात्मक रूप से करना चाहिए। संसाधनों की कमी प्रतिभा को रोक नहीं सकती, यदि संकल्प और अनुशासन मजबूत हो।



