बागलकोट, 21 फरवरी 2026
कर्नाटक के बागलकोट जिले के जमखंडी तालुका स्थित कट्टे केरे के पास शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो वर्षीय मासूम सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि इस दुर्घटना में आठ अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार गन्ना कटाई के कार्य के लिए मजदूरों को लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अलग होकर पलट गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना रात करीब 2 बजे के आसपास हुई।
मृतकों की पहचान मनीष पांडे (23), हलकी पांडे (2), लक्ष्मी चिरमडी (27) और रेखा भूके के रूप में हुई है। सभी मृतक महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के बुसा तालुका स्थित गुपवाड़ी गांव के निवासी थे और गन्ना कटाई कार्य के लिए जमखंडी क्षेत्र आए थे।
घटना की सूचना मिलते ही जमखंडी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



