शिमला, 21 फ़रवरी 2026
पुलिस सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को टिक्कर पुलिस चौकी को पूर्व वार्ड सदस्य ने फोन कर बताया कि कशैनी जंगल में पानी की बावड़ी के पास दो ग्रामीणों ने एक मानव कंकाल देखा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। मौके पर अंकुश जनारथा, कपिल पांचटा और सुरजीत दत्ता भी मौजूद पाए गए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को बावड़ी के पास एक व्यक्ति का कंकाल मिला, जिसके कारण मामले को संदिग्ध माना जा रहा है। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए एसएफएसएल जुन्गा की टीम को भी वैज्ञानिक जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस को वहां एक पेड़ पर रस्सी का फंदा भी मिला, जिससे मामले में आत्महत्या या किसी अन्य कारण की संभावना पर भी जांच की जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक मोबाइल फोन भी मिला। मोबाइल के कवर से दो एयरटेल सिम कार्ड और फोन के अंदर से एक अन्य सिम कार्ड बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में ये सिम कार्ड मोहन मिस्त्री नाम के नेपाली मूल के व्यक्ति से जुड़े बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस अन्य मोबाइल नंबरों और सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच कर रही है। अभी तक कंकाल की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि पहचान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है।



