काठमांडू, 03 मार्च 2026
नेपाल से सटी भारत और चीन सीमा 72 घंटे के लिए सील
नेपाल में 5 मार्च को प्रस्तावित प्रतिनिधि सभा सदस्य चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए नेपाल से लगी भारत और चीन की सीमाओं को 72 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है।
नेपाल-भारत और नेपाल-चीन सीमा आज मध्यरात्रि से 5 मार्च की शाम तक पूर्ण रूप से सील रहेगी। इस अवधि में किसी भी प्रकार की आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सीमा बंद किए जाने से पूर्व भारत और चीन से सटे जिलों के प्रशासनिक व सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त बैठक में इसकी औपचारिक जानकारी दे दी गई थी। सरकार ने चुनाव के दौरान अवांछित गतिविधियों, आपराधिक तत्वों की आवाजाही, अवैध धन और प्रचार सामग्री के प्रवेश को रोकने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। गृह प्रशासन के अनुसार सीमा चौकियों पर सशस्त्र प्रहरी बल, नेपाल पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
चुनाव के मद्देनजर नेपाल-भारत सीमा पर विशेष निगरानी के लिए नियुक्त नेपाल पुलिस के अतिरिक्त महानिरीक्षक उमा चतुर्वेदी ने बताया कि सीमा सील की अवधि में आम नागरिकों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि ईंधन से लदे वाहन, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं और विशेष अनुमति प्राप्त वाहनों को आवश्यक जांच के बाद ही आवागमन की अनुमति दी जाएगी। भारत के साथ खुली सीमा को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि किसी भी बाहरी हस्तक्षेप या अवैध गतिविधि की आशंका को रोका जा सके।



