फतेहाबाद, 20 फरवरी।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता बलविंद्र नैन के निलंबन के विरोध में कर्मचारी सक्रिय हो गए हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि बलविंद्र नैन की बहाली नहीं होती है, तो 25 फरवरी को फतेहाबाद जिले में सीवरेज और पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप कर दी जाएगी।
इस संबंध में 24 फरवरी को कर्मचारियों द्वारा शहर में प्रदर्शन कर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यह निर्णय शुक्रवार को ऑल हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स की तीनों यूनियनों, डिप्लोमा इंजीनियरिंग संगठन और क्लेरिकल यूनियन की संयुक्त बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रधान धर्मपाल दरियापुर ने की।
बैठक में शामिल कर्मचारियों ने बलविंद्र नैन के निलंबन को अन्यायपूर्ण करार दिया। प्रधान धर्मपाल ने कहा कि कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के पीए ने रात 10 बजे फोन किया था और जब एक्सईएन ने जवाब दिया तो बिना सुने ही उन्हें निलंबित कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अधिकारियों और कर्मचारियों को दबाने की कोशिश कर रही है।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने 23 फरवरी तक निलंबन आदेश वापस नहीं लिया, तो 24 फरवरी को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय में धरना होगा। इसके बाद लघु सचिवालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि इसके बावजूद भी बलविंद्र नैन की बहाली नहीं होती है, तो 25 फरवरी को पूरे जिले में सीवरेज और पानी की सप्लाई बंद कर दी जाएगी। कर्मचारी इस हड़ताल को अनिश्चितकालीन करने की चेतावनी भी दे चुके हैं और इसके परिणाम की जिम्मेदारी हरियाणा सरकार पर होगी।



