नई दिल्ली, 16 मार्च 2026।
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मंगलवार, 17 मार्च से डाक विभाग की नई ‘24 स्पीड पोस्ट’ सेवा का शुभारंभ करेंगे, जिसके तहत जरूरी पार्सल अगले दिन डिलीवरी का वादा किया गया है।
पहले चरण में यह सेवा देश के छह बड़े शहरों—नई दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद—में लागू की जाएगी। इस अवसर पर संचार राज्यमंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी भी मौजूद रहेंगे।
केंद्रीय संचार मंत्रालय ने बताया कि ‘24 स्पीड पोस्ट’ सेवा के तहत अत्यावश्यक और समयबद्ध पार्सल को अगले दिन गारंटीकृत डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा ‘48 स्पीड पोस्ट’ सेवा डी+2 टाइमलाइन के तहत दो दिन में डिलीवरी करेगी। इन सेवाओं को विशेष प्रोसेसिंग विंडो और प्राथमिकता वाली हवाई ट्रांसमिशन व्यवस्था के जरिए सक्षम बनाया गया है।
नई सेवा में ग्राहकों के लिए ओटीपी आधारित सुरक्षित डिलीवरी, एंड-टू-एंड ट्रैकिंग, एसएमएस अलर्ट, बिजनेस ग्राहकों के लिए बाय नाउ पे लेटर (बीएनपीएल), बल्क बुकिंग पर मुफ्त पिकअप, एपीआई इंटीग्रेशन और केंद्रीकृत बिलिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यदि डिलीवरी में देरी होती है तो ग्राहकों को मनी-बैक गारंटी भी दी जाएगी।



