काठमांडू, 02 मार्च 2026
प्रधानमंत्री ने देश के नागरिकों से 5 मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव में अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। होली (फागु पूर्णिमा) के अवसर पर राष्ट्र के नाम संबोधन में उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव संपन्न कराने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि देश इस समय इतिहास के महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ा है और यह चुनाव नागरिकों को अपने और अपने बच्चों के भविष्य तय करने का अवसर देगा।
प्रधानमंत्री कार्की ने मतदाताओं से मतदान के दिन प्राथमिकता के आधार पर मतदान केंद्रों तक पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान केवल नेता चुनने की प्रक्रिया नहीं है बल्कि यह भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण निर्णय भी है। उन्होंने जेन-जी आंदोलन के बाद उत्पन्न जटिल परिस्थितियों का जिक्र करते हुए दावा किया कि सरकार ने देश को शांतिपूर्ण और संवैधानिक व्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सभी नागरिकों के धैर्य और सहयोग से संभव हो सकी है। राजनीतिक दलों और समर्थकों से संयमित प्रचार अभियान चलाने और चुनावी मौन अवधि का पालन करने की अपील भी की गई।
प्रधानमंत्री ने सुरक्षा एजेंसियों और सिविल सेवकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनकी निष्पक्षता से चुनाव सफल होगा। उन्होंने बताया कि चुनावी सुरक्षा के लिए चारों सुरक्षा निकायों को तैनात किया गया है और संघीय, प्रांतीय तथा स्थानीय सरकारों के बीच समन्वय जारी है। राष्ट्रपति से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए मित्र राष्ट्रों और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की सहायता को भी सकारात्मक बताया गया।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर फैल रहे भ्रामक प्रचार से सतर्क रहने की सलाह दी और चेतावनी दी कि ऐसी गतिविधियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर भी चिंता जताते हुए वहां रह रहे नेपाली नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सरकार की सतर्कता का भरोसा दिया। उनके अनुसार निरंतर निगरानी की जा रही है और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने सभी पक्षों से फाल्गुन 21 को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण और उदाहरणीय बनाने की अपील की।



