नई दिल्ली, 17 फरवरी।
घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को शुरुआती गिरावट के बाद निचले स्तर से रिकवरी देखने को मिली। कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई और खुलते ही बिकवाली का दबाव बढ़ गया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक फिसल गए। हालांकि पहले 10 मिनट के भीतर ही खरीदार सक्रिय हो गए और लिवाली बढ़ने से बाजार ने संभलना शुरू कर दिया। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 0.03 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 0.10 प्रतिशत की हल्की कमजोरी में बना रहा।
सुबह 10 बजे तक दिग्गज शेयरों में इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजी, टीसीएस, एशियन पेंट्स और टेक महिंद्रा 2.71 प्रतिशत से 1.36 प्रतिशत तक की बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। दूसरी ओर हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एटरनल, श्रीराम फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक और कोटक महिंद्रा के शेयर 2.77 प्रतिशत से 1.09 प्रतिशत तक की गिरावट में रहे।
अब तक 2,582 शेयरों में सक्रिय ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें 1,693 शेयर हरे निशान में और 889 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स के 30 में से 14 शेयर बढ़त में और 16 गिरावट में थे। वहीं निफ्टी के 50 में से 16 शेयर हरे और 34 शेयर लाल निशान में कारोबार करते दिखे।
बीएसई का सेंसेक्स 79.48 अंक गिरकर 83,197.67 अंक पर खुला और शुरुआती दबाव में 82,987.43 अंक तक फिसल गया। बाद में लिवाली लौटने से सूचकांक संभला और सुबह 10 बजे तक 26.95 अंक की बढ़त के साथ 83,304.10 अंक पर पहुंच गया।
एनएसई का निफ्टी 44.80 अंक गिरकर 25,637.95 अंक पर खुला और दबाव में 25,570.30 अंक तक लुढ़का। बाद में सुधार के बावजूद सुबह 10 बजे तक यह 26.80 अंक की गिरावट के साथ 25,655.95 अंक पर कारोबार कर रहा था।
सोमवार को सेंसेक्स 650.39 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,277.15 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 211.65 अंक यानी 0.83 प्रतिशत उछलकर 25,682.75 अंक पर बंद हुआ था।



