नई दिल्ली, 24 फरवरी।
घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव का रुख देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई और बाजार खुलने के बाद बिकवाली बढ़ने से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में गिरावट और गहरी होती गई। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 0.85 प्रतिशत और निफ्टी 0.76 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
आज सुबह 10 बजे तक ओएनजीसी, कोल इंडिया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर 0.42 प्रतिशत से 0.17 प्रतिशत तक की बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे। वहीं एचसीएल टेक्नोलॉजी, एटरनल, इंफोसिस, टीसीएस और टेक महिंद्रा के शेयर 3.91 प्रतिशत से 2.85 प्रतिशत तक की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
अब तक बाजार में 2,645 शेयरों में ट्रेडिंग हुई, जिनमें से 708 शेयरों में तेजी और 1,937 शेयरों में गिरावट रही। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 6 शेयर बढ़त में और 24 शेयर गिरावट में रहे, जबकि निफ्टी के 50 शेयरों में से 10 हरे निशान और 40 लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
बीएसई सेंसेक्स आज 242.12 अंक टूटकर 83,052.54 अंक पर खुला और बिकवाली बढ़ने से 82,481.53 अंक तक फिसल गया। हालांकि बीच-बीच में खरीदारी के प्रयास हुए, लेकिन बिकवाली हावी रही। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 711.95 अंक गिरकर 82,582.71 अंक पर कारोबार कर रहा था।
एनएसई निफ्टी 71.20 अंक की गिरावट के साथ 25,641.80 अंक पर खुला और बिकवाली के दबाव से 25,482.85 अंक तक लुढ़क गया। खरीदारी के प्रयासों के बावजूद ज्यादा सुधार नहीं दिखा और सुबह 10 बजे तक निफ्टी 194.45 अंक गिरकर 25,518.55 अंक पर कारोबार कर रहा था।
पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 479.95 अंक की बढ़त के साथ 83,294.66 अंक पर और निफ्टी 141.75 अंक की तेजी के साथ 25,713 अंक पर बंद हुआ था।



