शेयर बाजार में शुरुआती मजबूती, सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान में।
नई दिल्ली, 09 फरवरी। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार में मजबूती रही। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक बढ़त के साथ खुले, हालांकि पहले आधे घंटे में मुनाफा वसूली के चलते मामूली गिरावट आई। इसके बाद खरीदार सक्रिय हुए और सूचकांकों में सुधार हुआ। पहले 1 घंटे के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.38 प्रतिशत और निफ्टी 0.42 प्रतिशत बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, डॉ रेड्डीज, कोटक महिंद्रा, टाइटन और श्रीराम फाइनेंस में 1.72 प्रतिशत से 5.86 प्रतिशत तक की मजबूती रही। जबकि मैक्स हेल्थकेयर, ओएनजीसी, नेस्ले, पावर ग्रिड और बजाज फाइनेंस के शेयर 0.66 प्रतिशत से 1.30 प्रतिशत गिरावट में थे।
आज 2,750 शेयरों में ट्रेडिंग हो रही थी, जिनमें 2,186 शेयर हरे निशान में और 564 लाल निशान में थे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 हरे और 10 लाल निशान में थे, वहीं निफ्टी के 50 शेयरों में से 34 हरे और 16 लाल निशान में थे।
बीएसई का सेंसेक्स 597.11 अंक की बढ़त के साथ 84,177.51 अंक पर खुला, और मुनाफा वसूली के बाद 83,896.91 अंक पर बंद हुआ। एनएसई का निफ्टी 25,888.70 अंक से खुलकर मुनाफा वसूली के बाद 25,801.40 अंक पर कारोबार कर रहा था। शुक्रवार को सेंसेक्स 83,580.40 अंक और निफ्टी 25,693.70 अंक पर बंद हुआ था।



