शिमला, 02 मार्च 2026
शिमला के ठियोग क्षेत्र में अपने भांजे की हत्या कर परिवार सहित फरार हुए आरोपी सुरेश (नेपाली) को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को शरमला पंचायत के गांव शर्मठू में दबिश देकर पकड़ा। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस थाना ठियोग में 28 फरवरी 2026 को धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर शराब के नशे और पुरानी रंजिश के कारण अपने भांजे धनी राम की हत्या कर दी।
यह मामला ग्राम जराई निवासी जगदीश के बयान पर दर्ज किया गया। जगदीश कृषि और बागवानी का कार्य करते हैं तथा उन्होंने अपने बाग में बने डेरे के दो कमरों में काम के लिए एक नेपाली परिवार को ठहराया था। इस परिवार में सुरेश, उसकी पत्नी, तीन बेटियां, दो बेटे और भांजा धनी राम साथ रह रहे थे।
जगदीश के अनुसार 28 फरवरी की सुबह जब वह डेरे पर पहुंचे तो दोनों कमरे बंद मिले और वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। जांच करने पर पहला कमरा खाली मिला जबकि दूसरे कमरे में धनी राम फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ा था और उसकी सांस नहीं चल रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम एसएफएसएल जुंगा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उप पुलिस अधीक्षक ठियोग ने भी मौके का दौरा किया।
पुलिस ने घटनास्थल से भौतिक और डिजिटल साक्ष्य कब्जे में लेकर विशेष जांच दल का गठन किया। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। संदिग्ध का विवरण मीडिया के माध्यम से भी प्रसारित किया गया। इसके बाद तीन अलग-अलग टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया।
खुफिया सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी सुरेश शरमला पंचायत के गांव शर्मठू में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अब तक की जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कृषि उपकरण को हथियार बनाकर धनी राम की निर्मम हत्या की। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फरारी के दौरान आरोपी की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।


