झांसी, 11 फ़रवरी।
उत्तर प्रदेश सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने और कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में कृषि, उद्यान और कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार विभाग के अधिकारियों को पांच दिनों का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण में प्रदेश भर के अफसरों के साथ-साथ झांसी मंडल के अफसरों को भी शामिल किया जाएगा। इसका मकसद अफसरों के कौशल को निखारकर किसानों को एक्सपोर्ट की तकनीक और प्रक्रियाओं की बेहतर जानकारी देना है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कृषि आधारित उत्पादों की मार्केटिंग की रणनीति तैयार करने वाले जर्मनी के प्रतिष्ठित ग्लोबल गैप स्टैंडर्ड ऑर्गनाइजेशन द्वारा यह प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। झांसी मंडल के तीन अफसरों—सहायक कृषि विपणन अधिकारी गंगा दयाल, ज्येष्ठ कृषि विपणन निरीक्षक प्रखर कुमार और जालौन के ज्येष्ठ कृषि विपणन निरीक्षक धीरपाल सिंह—को विशेष प्रशिक्षण के लिए चयनित किया गया है। पूरे प्रदेश के कुल 40 अफसर इस प्रशिक्षण में भाग लेंगे। इसका पहला बैच 23 से 27 फरवरी और दूसरा बैच 9 से 13 मार्च तक चलेगा।
झांसी के ज्येष्ठ कृषि विपणन निरीक्षक प्रखर कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान कृषि क्षेत्र में दुनिया भर में अपनाए जा रहे नवाचार और बेहतरीन प्रयोगों की बारीक जानकारी दी जाएगी। अंतरराष्ट्रीय मानकों की समझ विकसित कर किसानों को जागरूक करने में सफलता मिलेगी, जिससे उनके उत्पादों को वैश्विक स्तर पर मानकों के अनुरूप तैयार कर उनकी आमदनी बढ़ाई जा सकेगी।



