देहरादून, 26 फरवरी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों के जन्म से लेकर शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार तक के समग्र सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्यरत है।
मुख्यमंत्री धामी ने गुरुवार को अपने आवास पर आयोजित कार्यक्रम में नंदा गौरा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रदेश की 33,251 बालिकाओं के बैंक खातों में डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से 1 अरब 45 करोड़ 93 लाख रुपये हस्तांतरित किए।
धामी ने बताया कि नंदा गौरा योजना के तहत बालिका के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। अब तक योजना के माध्यम से 3,77,784 बालिकाओं को कुल 11 अरब 68 करोड़ 49 लाख रुपये वितरित किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बालिकाओं की उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके तहत सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण भी सुनिश्चित किया गया है। साथ ही ‘लखपति दीदी योजना’ के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा रहा है।
महिला कल्याण मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि इस वर्ष 5,913 नवजात बालिकाओं और 27,338 12वीं उत्तीर्ण बालिकाओं को प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। कार्यक्रम में सचिव चंद्रेश कुमार, विभागीय निदेशक बंशीलाल राणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



