नई दिल्ली, 26 फरवरी।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शुक्रवार, 27 फरवरी को भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी) के 57वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम संस्थान के नई दिल्ली परिसर में आयोजित किया जाएगा।
समारोह की अध्यक्षता आईआईएमसी के कुलाधिपति एवं केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव करेंगे। इस अवसर पर मंत्रालय के सचिव संजय जाजू, आईआईएमसी सोसायटी के अध्यक्ष आर. जगन्नाथन, कुलपति डॉ. प्रज्ञा पालीवाल गौड़, रजिस्ट्रार एल. मधु नाग सहित संस्थान के प्राध्यापक और कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
दीक्षांत समारोह में वर्ष 2024-25 बैच के विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्रदान किए जाएंगे। पत्रकारिता (अंग्रेजी, हिंदी, रेडियो एवं टीवी, डिजिटल मीडिया, ओडिया, उर्दू, मराठी और मलयालम) तथा विज्ञापन एवं जनसंपर्क के विद्यार्थियों को उपाधि दी जाएगी।
संस्थान के छह परिसरों के विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को कुल 35 पदक प्रदान किए जाएंगे, जिनमें से 23 पदक नकद पुरस्कार के साथ होंगे।
कार्यक्रम के दौरान उपराष्ट्रपति नई दिल्ली परिसर में नए शैक्षणिक भवन और छात्रावास भवन की आधारशिला भी रखेंगे। वहीं केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव संस्थान के इनक्यूबेशन सेंटर में ‘क्रिएटर्स लाउंज’ का उद्घाटन करेंगे।



