उरई, 23 फरवरी 2026।
जालौन जिले के रामपुरा थाना पुलिस और साइबर टीम ने दो माह पहले साइबर ठगी का शिकार हुए एक ग्रामीण के 50 हजार रुपये वापस उसके बैंक खाते में जमा कराकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है।
रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम मई निवासी जंगबहादुर सिंह के बैंक खाते से करीब दो माह पहले साइबर ठगों ने 50 हजार रुपये निकाल लिए थे। घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत थाने में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। अचानक बड़ी राशि खाते से निकल जाने के कारण वह आर्थिक संकट में आ गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में साइबर टीम का गठन किया गया। साइबर प्रभारी ने टीम के साथ बैंक और साइबर सेल के माध्यम से लेनदेन का विवरण खंगाला और धनराशि के ट्रांजेक्शन को ट्रैक किया। इसके बाद पुलिस टीम ने ठगी गई पूरी 50 हजार रुपये की राशि रिकवर कर पीड़ित के खाते में वापस करवा दी। सोमवार को राशि वापस मिलने पर जंगबहादुर सिंह ने राहत व्यक्त की।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से पहले सावधानी बरतें। ओटीपी, बैंक डिटेल या अन्य गोपनीय जानकारी अनजान व्यक्तियों को न दें और साइबर ठगी होने पर तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें।



