जलपाईगुड़ी, 11 फरवरी।
जलपाईगुड़ी में हुए सड़क हादसे में तृणमूल कांग्रेस के नेता लुत्फर रहमान की मौत हो गई। वह पार्टी के अल्पसंख्यक सेल के ब्लॉक अध्यक्ष थे। दुर्घटना में उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात लुत्फर रहमान अपनी बेटी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। गोशाला मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कंटेनर बाइक को कुछ दूरी तक घसीटता ले गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सहायता से पिता-पुत्री को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने लुत्फर रहमान को मृत घोषित कर दिया। उनकी बेटी का इलाज जलपाईगुड़ी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और इस दौरान पुलिस की एक गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।



