शिमला, 19 फ़रवरी।
शिमला जिले के चिड़गांव क्षेत्र की उपतहसील जांगला के बडियारा में नेपाली मजदूर सेती राम उर्फ राकेश प्रताप की हत्या कर शव नदी किनारे फेंक दिया गया, हाथ-पैर बंधे और सिर पर गहरी चोट के निशान मिले।
बडियारा पुल के पास 18 फरवरी की सुबह स्थानीय निवासी दीपेंद्र ने क्षत-विक्षत शव देखा। मृतक के हाथ और पैर कपड़े से बंधे हुए थे, शरीर का ऊपरी हिस्सा नग्न था और सिर के पास खून फैला था। उन्होंने तुरंत 112 हेल्पलाइन और ग्राम पंचायत दिसवानी के प्रधान धर्मेंद्र को सूचना दी।
मृतक 46 वर्षीय सेती राम सल्याणी, नेपाल का रहने वाला था और पिछले चार महीनों से बडियारा में जय लाल भंडारी के पास मजदूरी कर रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार शाम को वह कुछ अन्य नेपाली लोगों के साथ देखा गया था और शराब पीने के बाद लापता हो गया।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डीएसपी प्रणव चौहान ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए व्यक्तियों की पहचान कर रही है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। पुलिस ने कई अहम सुराग जुटाए हैं और संदिग्धों की तलाश के लिए टीमें सक्रिय हैं। मामले में थाना चिड़गांव में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच जारी है।



