अबुजा (नाइजीरिया), 09 फरवरी।
उत्तरी नाइजीरिया के कानो में यात्रियों से भरा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि ट्रक ड्राइवर की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे में कई अन्य घायल भी हुए। घायलों को कानो के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अमेरिका के एबीसी न्यूज चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, कानो के गवर्नर कार्यालय ने बयान जारी किया कि यह ट्रक कानो के गेजावा लोकल गवर्नमेंट एरिया के क्वानार बार्डे शहर में रविवार सुबह हाइवे पर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में गुजुंग शहर के यात्री सवार थे।
कानो के गवर्नर अब्बा कबीर यूसुफ के प्रवक्ता सुनुसी बटुरे डावाकिन टोफा ने कहा कि कई घायलों की हालत गंभीर है। बयान में कहा गया, "गवर्नर ने इसे दिल दहला देने वाला बताया और प्रभावित परिवारों के साथ पूरे कानो राज्य के लोगों के लिए बड़ी क्षति करार दी।"
इससे पहले दिसंबर में नाइजीरिया में कार हादसे में ब्रिटिश हेवीवेट चैंपियन एंथनी जोशुआ घायल हुए थे और उनके दो सहयोगियों की मौत हुई थी। उनके ड्राइवर ने लागोस - इबादान एक्सप्रेस-वे पर एक खड़े ट्रक से टकरा दी थी।
टीआरटी वर्ल्ड के अनुसार, कानो के गवर्नर अब्बा कबीर यूसुफ ने जीवित बचे लोगों के लिए मुफ्त मेडिकल देखभाल का आदेश दिया है। नाइजीरिया में सड़क दुर्घटनाएं अक्सर होती हैं। सड़कों का नेटवर्क खराब है और हाइवे नियम शायद ही पालन होते हैं। 2023 में फेडरल रोड सेफ्टी बॉडी ने कहा कि 9,570 सड़क दुर्घटनाओं में 5,421 लोगों की मौत हुई।



